हनुमानगढ़ में जंक्शन क्षेत्र में नगर परिषद उप कार्यालय के पास स्थित शिव कल्याण भूमि परिसर में शुक्रवार को संस्कार स्थल के प्रवेश द्वार की आधारशिला रखी गई। नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास परिवार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। इस प्रवेश द्वार के निर्माण के लिए समाज के दो प्रमुख परिवारों ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। अरोड़वंश सभा जंक्शन के अध्यक्ष राजेंद्र मदान के परिवार ने 11 लाख रुपए का योगदान दिया है। इसी प्रकार, अग्रवाल समाज समिति के संरक्षक देवेंद्र अग्रवाल एवं चांदवासिया परिवार ने भी 11 लाख रुपए की सहयोग राशि प्रदान की। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने दोनों परिवारों के इस योगदान की सराहना की और इसे समाज के लिए अनुकरणीय बताया। शिलान्यास कार्यक्रम में चांदवासिया परिवार से मनीराम चांदवासिया, जयकिशन अग्रवाल, कमल अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, ललित अग्रवाल और अनिल अग्रवाल उपस्थित रहे। मदान परिवार की ओर से सुनील मदान, मनीष मदान और अमित मदान मौजूद थे। इनके अतिरिक्त, भाजपा नेता अमित चौधरी, निवर्तमान सभापति सुमित रणवां, गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा, प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय, अग्रवाल समाज समिति अध्यक्ष सुभाष बंसल और अखिल भारतीय महिला अग्रवाल सम्मेलन की जिलाध्यक्ष मिताली अग्रवाल ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के संस्थापक एवं अध्यक्ष अश्विनी नारंग ने बताया कि शिव कल्याण भूमि समाज की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता है। यहां अंतिम संस्कार से जुड़े सभी संस्कार मर्यादा और सम्मान के साथ संपन्न होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रवेश द्वार के निर्माण से संस्कार स्थल को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और गरिमामय स्वरूप प्राप्त होगा। इससे शोकाकुल परिवारों को सुविधा मिलेगी और परिसर की पहचान भी सशक्त होगी। नारंग ने आगे कहा कि यह प्रवेश द्वार केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक बनेगा। प्रन्यास की ओर से भविष्य में भी जनसहयोग से ऐसी सुविधाएं विकसित करने के प्रयास जारी रहेंगे।


