हनुमानगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर (SIR) के तहत पिछले दो दिनों में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मनमाने तरीके से मतदाता सूची से हटाए गए हैं। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने बताया कि यह मामला पहले नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के निर्वाचन क्षेत्र में सामने आया था। अब जानकारी मिल रही है कि ऐसी ही स्थिति पूरे प्रदेश में है। इस मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला स्तर पर ज्ञापन देने के निर्देश जारी किए थे। इसी के तहत आज हनुमानगढ़ में एक आपात बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे। दादरी ने दावा किया कि मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए जमा किए गए फॉर्म्स पर किसी भी बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) के हस्ताक्षर नहीं हैं। उन्होंने आशंका जताई कि सभी फॉर्म एक ही जगह से भेजे गए प्रतीत होते हैं। इस मनमानी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को एक ज्ञापन सौंपा। दादरी ने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में इस तरह की गतिविधियां स्वीकार्य नहीं हैं और कांग्रेस कार्यकर्ता इसका डटकर विरोध करेंगे। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर, गुरदीप चहल, अनिल खीचड़ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


