फलोदी पुलिस ने अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी की बोलेरो गाड़ी भी जब्त की है। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रजराज सिंह चारण और सीओ अचल सिंह देवड़ा के सुपरविजन में की गई। सरहद सांवरीज क्षेत्र से पकड़ा पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने बताया कि जिले में अवैध हथियार रखने और तस्करी करने वालों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। हेड कॉन्स्टेबल गोरधनराम, प्रभारी डीएसटी फलोदी, को मिली सूचना के आधार पर डीएसटी टीम और फलोदी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस ने सरहद सांवरीज क्षेत्र से आरोपी रोहित ढाका पुत्र बुधाराम विश्नोई को गिरफ्तार किया। रोहित ढाका जम्भेश्वर नगर, पुलिस थाना लोहावट का निवासी है। उसके कब्जे से अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ फलोदी पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से हथियार और कारतूस की खरीद-फरोख्त के साथ-साथ पूरे नेटवर्क के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है।


