भास्कर न्यूज | चाईबासा जिला सभागार में डीसी चंदन कुमार की अध्यक्षता में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग अंतर्गत चाईबासा पेयजल प्रमंडल से संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त ने राज्य योजना, जल जीवन मिशन तथा जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट मद अंतर्गत संचालित वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा की। उन्होंने संवेदक से योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति, पूर्ण करने में अनुमानित समय, साथ ही उपरोक्त सभी मद से पूर्ण योजनाओं की वर्तमान स्थिति व ओएनएम भुगतान की जानकारी ली। बैठक में उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता, पेयजल प्रमंडल-चाईबासा को निर्देश दिया गया कि संवेदकों के साथ पिछली बैठक में योजनाओं को पूर्ण करने के लिए तय समय के बावजूद, यदि योजना में अपेक्षाकृत प्रगति नहीं है, तो ऐसी योजनाओं पर अग्रतेर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा वैसी वृहद ग्रामीण जलापूर्ति योजना, जिसका एजेंसी के साथ संचालन अवधि समाप्त हो चुकी है अथवा जिनका हस्तांतरण ग्राम जल और स्वच्छता समिति को किया गया है, परंतु उनके द्वारा संचालन एवं रखरखाव में असमर्थता जताई गई है। उन सभी की सूची बनाने तथा योजनाओं के 3 वर्षों के संचालन एवं संधारण हेतु अनुमानित आवश्यकताओं का प्राक्कलन तैयार कराने से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) उत्कर्ष कुमार, कार्यपालक अभियंता (पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल) चाईबासा विनोद कुमार सहित सभी सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जिला एवं प्रखंड समन्वयक उपस्थित थे।


