भास्कर न्यूज |सरायकेला जिला कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को परिसदन में जिला अध्यक्ष राज बागची की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर गंभीरता से मंथन किया गया और संगठनात्मक रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राज बागची ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी जिले के तीनों नगर निकाय चुनावों में पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा एवं अन्य दलों के उम्मीदवारों का जोरदार तरीके से राजनीतिक जवाब दिया जाएगा। राज बागची ने कहा कि झारखंड में इस समय इंडिया गठबंधन की लहर चल रही है और आने वाले समय में राज्य भाजपा-विहीन होने की दिशा में अग्रसर है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कांग्रेस पार्टी आलाकमान के समक्ष यह प्रस्ताव रखेगी कि नगर निकाय चुनाव में इंडिया गठबंधन की ओर से एक ही प्रत्याशी उतारा जाए और वह प्रत्याशी कांग्रेस का हो। इस संबंध में उन्होंने तर्क दिया कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपनी सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा को दी थी और विधानसभा चुनाव में भी पार्टी ने तीन विधानसभा सीटों पर झामुमो का पूरा समर्थन किया था। इस प्रस्ताव पर सहमति बनाने के लिए जिला अध्यक्ष को अधिकृत किया गया कि वे इंडिया गठबंधन के नेताओं एवं कांग्रेस आलाकमान से वार्ता करें। जिला अध्यक्ष ने कहा कि नगर निकाय चुनाव की रूपरेखा तैयार करने की जिम्मेदारी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जगदीश नारायण चौबे को सौंपी गई है, जिन्हें दो दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गय हैा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मेयर एवं वार्ड सदस्य पद के इच्छुक कांग्रेस कार्यकर्ता 20 जनवरी तक जिला अध्यक्ष के पास अपना आवेदन बायोडाटा के साथ जमा करें। मेयर पद के लिए एक पैनल तैयार कर प्रदेश कांग्रेस को भेजा जाएगा, जबकि वार्ड सदस्यों के चयन के लिए जिला स्तर पर पांच सदस्यीय समिति गठित की जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सचिव छोटेराय किस्कू, पूर्व प्रत्याशी कालीचरण सोरेन, सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे। बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस अवसर पर प्रदेश के सचिव देबू चैटर्जी,कोल्हान इंटक के प्रभारी राणा सिंह,पूर्व जिला अध्यक्ष अंबुज पांडे, जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष राजाराम पाडिया, महासचिव सूरज महतो, दिवाकर झा, आदित्यपुर नगर कांग्रेस के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, पूर्व अध्यक्ष राहुल यादव, रामचंद्र आदि उपस्थित थे।


