भास्कर न्यूज | सरायकेला सरायकेला नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-1 के घनी आबादी क्षेत्र हंसाउडी में प्रस्तावित बस स्टैंड निर्माण का भाजपा नेता सुमित चौधरी ने कड़ा विरोध किया है। इस संबंध में उन्होंने सैकड़ों शहरवासियों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा और अपनी आपत्ति दर्ज कराई। भाजपा नेता सुमित चौधरी ने उपायुक्त से मुलाकात कर बताया कि जिला परिषद, सरायकेला-खरसावां द्वारा वार्ड नंबर-1 में बस स्टैंड बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि पूर्व में ही सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग तीन करोड़ रुपण की लागत से निर्मित नया बस स्टैंड गलत स्थल चयन के कारण जर्जर अवस्था में पड़ा है और आज तक चालू नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि जिला परिषद द्वारा जारी निविदा में बस स्टैंड पंडरा पंचायत क्षेत्र में प्रस्तावित था, लेकिन वहां के ग्रामीणों के विरोध के बाद इसे घनी आबादी वाले हंसाउडी क्षेत्र में स्थानांतरित करने की कोशिश की जा रही है। मात्र एक एकड़ भूमि में बस स्टैंड का निर्माण व्यावहारिक नहीं है और इससे सरकारी धन की बर्बादी होगी। बस्तीवासियों ने मांग की है कि शहर के सबसे बड़े व घनी आबादी वाले वार्ड-1 की इस खाली सरकारी जमीन पर बहुउद्देशीय भवन का निर्माण कराया जाए। उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि बस स्टैंड का निर्माण सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र से बाहर ही किया जाएगा।


