भास्कर न्यूज |लुधियाना बचत भवन में सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में फतेहगढ़ साहिब के सांसद डॉ. अमर सिंह और डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए, जहां केंद्र सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया। समीक्षा के दौरान मनरेगा, पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और एनएचएआई की परियोजनाओं पर विशेष चर्चा की गई। एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि एनएच-44 पर 23 करोड़ की लागत से अंडरपास और सिधवां कैनाल पर 16 करोड़ से स्टील ब्रिज का निर्माण जारी है, जबकि 900 करोड़ का साउथ लुधियाना बाइपास जल्द शुरू होगा। बैठक में जानकारी दी गई कि वर्ष 2025-26 में अब तक मनरेगा पर 62.36 करोड़ रुपए खर्च कर 2.47 लाख से अधिक मानव दिवस सृजित किए गए हैं। सांसदों ने विकास कार्यों में तेजी लाने और जून 2026 तक साइकिल ट्रैक का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्मार्ट सिटी और बुड्ढा दरिया परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। बैठक के अंत में सांसदों ने मनरेगा योजना में केंद्र द्वारा किए गए हालिया बदलावों के विरोध में एक प्रस्ताव डिप्टी कमिश्नर के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजा। डिप्टी कमिश्नर ने सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और समयबद्ध कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया।


