सिटी रिपोर्टर | बीकानेर. भरपूर मस्ती, उत्साह, उल्लास और उमंग के बीच तीन दिवसीय बीकानेर चिल्ड्रन फेस्टिवल आजू गूजा 2.0 शुक्रवार को शुरू हुआ। डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में हजारों बच्चों के बीच बड़े भी बच्चे बने नजर आए। हर ओर मस्ती और बच्चों की 80 से अधिक गतिविधियां सभी का ध्यान खींच रही थी। पूरा स्टेडियम बच्चों की दुनिया बना दिखा। जहां बच्चे पेंटिंग करने, पुस्तकें पढ़ने, चाक पर मिट्टी के बर्तन बनाते, पेपर मैसी की कला सीखते रहे। बच्चों के बीच बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, कलेक्टर नम्रता वृष्णि और पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर जिला प्रशासन के तमाम अधिकारियों ने आजू गूजा थीम पर नृत्य के साथ भरपूर मस्ती करते दिखे। धार धुक्कड़ और इक्कड़ बिक्कड़ खेल की जानकारी दी जिला प्रशासन द्वारा बीकानेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम और मलंग फोक फाउंडेशन के साथ आयोजित ‘आजू गूजा 2.0”” इस बार विशेष रहा। निर्धारित समय से पहले हजारों बच्चे स्टेडियम पहुंच गए। अतिथियों ने आजू गूजा ध्वज का आरोहण किया। फेस्टिवल की विधिवत शुरुआत की। इस दौरान दोनों विधायकों और कलेक्टर ने एक साथ सौ पतंगें और एयरोप्लेन उड़ाए। विधायक सिद्धि कुमारी ने बचपन में लुक्कम छुपाई, जेठानंद व्यास ने धार धुक्कड़ और कलेक्टर ने इक्कड़ बिक्कड़ जैसे खेल जमकर खेलने की जानकारी दी। टिडली पिडली मंच पर आज आयोजित होने वाली गतिविधियां नगर निगम कमिश्नर ने बताया कि शनिवार को टिडली पिडली मंच पर सुबह 11 से 12 बजे चेक-इन रखा गया है। दोपहर 12 से 1 बजे तक थियेटर वर्कशॉप, 1 से 2 बजे तक ड्रम डीजे, 2 से 3 बजे तक थियेटरिकल परफॉर्मेंस, 3 से शाम 4 बजे तक माइम- माइम, शाम 4 से 5 बजे तक म्यूजिक परफॉर्मेंस होंगी। शनिवार को कॉन्शियस कॉर्नर में सुबह 11 से 12 बजे तक पर्वतारोही सुषमा बिस्सा के साथ टॉक एंड इंटरेक्शन सेशन,दोपहर 12 से 1 बजे तक प्लानेट प्रोटेक्टर्स, 1 से 2 रेस्पोंसिबल एंड कॉन्शियस ट्रेवल सेशन, 3-4 गेम-ए-थॉन , 3-4 बीट बॉक्सिंग का आयोजन किया जाएगा। बचपन जिंदा रखने का किया आह्वान विधायक सिद्धि कुमारी ने कहा कि बच्चों का बचपन जिंदा रखने का बेहतरीन प्रयास है। विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि प्रशासन द्वारा बच्चों के लिए ऐतिहासिक कार्य किया गया है। कलेक्टर ने कहा कि बच्चे तीन दिन खूब मस्ती करें। इस दौरान बड़े भी बच्चे बने रहें। उन्होंने कहा कि बच्चे मोबाइल से दूर रहें और कुछ नया सीखने का प्रयास करें। इस दौरान उन्होंने बच्चों को शपथ दिलाई और बचपन जिंदा रखने का आह्वान किया। गोपाल सिंह चौहान ने तीन दिन के कार्यक्रम की रूपरेखा बताई। आरजे मयूर और मनीष फ्रीमैन ने बच्चों को अनेक रोचक गतिविधियां करवाई।


