भास्कर न्यूज| भरतपुर जिले के सेवर थाना क्षेत्र के गांव धानोता में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। स्कूल से घर लौट रही एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ गांव के ही कुछ युवकों ने सरेराह छेड़छाड़ की। जब छात्रा के भाई ने विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उस पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी इस पूरी वारदात का वीडियो बनाते रहे और पुलिस को सूचना देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित छात्रा और उसका भाई 9 जनवरी की शाम करीब 4:30 बजे स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर लौट रहे थे। गोलाकुआं के पास पहले से घात लगाकर बैठे गांव के युवकों ने छात्रा को रोक लिया। आरोपियों ने छात्रा के साथ अश्लील हरकतें कीं और उसे बदनीयत से पकड़ लिया। जब भाई ने अपनी बहन को बचाने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उस पर लाठियों से हमला कर दिया। छात्र खुद को बचाने के लिए कुछ दूर तक दौड़ा। इस बीच आरोपी भी उसके पीछे भागे। छात्र के सड़क पर गिरने के बाद हमलावरों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान वहां मौजूद लोग मूकदर्शक बने तमाशा देखते रहे। आरोप है कि इस दौरान एक आरोपी मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो भी बनाया। शोर सुनकर जब ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे, तो आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले कि यदि रिपोर्ट की तो वीडियो वायरल कर देंगे। गंभीर घायल होने के करण पहले उपचार कराया:- पीड़ित के पिता ने बताया कि हमले में घायल पुत्र की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे तत्काल जिला आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके चलते रिपोर्ट देने में देरी हुई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। सेवर पुलिस ने बताया कि मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। छात्र पर लाठियां बरसाता आरोपी। आरोपियों से भाई को बचाती बहन।


