भास्कर न्यूज| भरतपुर शहर की सफाई व्यवस्था और चरमराई नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम आयुक्त ने दो दिन तक बिना किसी को बताए शहर के औचक निरीक्षण पर निकल पड़े। इस दौरान उन्हें हीरादास चौराहा, सुभाष नगर और गोलपुरा सहित कई आवासीय कॉलोनियों में निरीक्षण के दौरान गंदगी, टूटी नालियां और जलभराव जैसी गंभीर समस्याएं दिखीं। आयुक्त ने मुख्य सड़कों पर सफाई व्यवस्था को असंतोषजनक पाते हुए संबंधित सफाई निरीक्षकों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं। आयुक्त श्रवण कुमार विश्नोई को निरीक्षण के दौरान हीरादास से सरसों अनुसंधान केंद्र तक मुख्य सड़क के दोनों ओर कचरे और मलबे के अंबार मिले। यही स्थिति अनाह गेट श्मशान से मधुरा बाईपास तक भी पाई गई। आयुक्त ने इसे सफाई निरीक्षकों की लापरवाही मानते हुए सघन सफाई अभियान चलाने का आदेश दिया है। वार्ड 4, 5 और 6 (सुभाष नगर) में गेल कंपनी द्वारा पाइपलाइन डालने के बाद छोड़े गए मिट्टी के ढेर और मलबे ने राहगीरों की मुश्किल बढ़ा दी हैं। यहाँ सीवर लाइन डलने के बाद भी सड़कों की मरम्मत सही ढंग से नहीं हुई है। आयुक्त ने सड़क की मरम्मत और मलबे को हटाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने अपने दौरे के बाद बताया कि शहर की कई कॉलोनियों के अंदर तो स्थिति फिर भी ठीक है, लेकिन जहाँ नाली और सड़कों का अभाव है, वहाँ समस्याएं विकराल हैं। विशेष रूप से मुख्य सड़कों की सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है, जिससे स्पष्ट है कि सफाई निरीक्षक अपने दायित्वों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों को फटकार लगाई। {सर्कुलर रोड: कुम्हेर गेट से तोप सर्किल तक अवरुद्ध और टूटी हुई नालियों की मरम्मत कर पानी की निकासी अनाह गेट सीएफसीडी में करने के निर्देश। {अशोक पार्क: पार्क में जमा गंदे पानी की निकासी के लिए एस्टीमेट तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। {विष्णु कॉलोनी: पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी सड़क की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। {गोलपुरा रोड: सड़क चौड़ीकरण को लेकर स्थानीय विरोध को देखते हुए न्यूनतम नुकसान वाला तकनीकी समाधान निकालने के निर्देश। गोलपुरा श्मशान का होगा कायाकल्प:- आयुक्त ने यहाँ चारदीवारी, मिट्टी भराई और टीन शेड निर्माण के लिए डिटेल एस्टीमेट तैयार कर निविदा जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, वहाँ रात के समय रोशनी के लिए खराब लाइट सही करने को कहा।


