रायसेन | पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवा के असर से मौसम ने करवट ली है। शीत लहर चलने से रात के तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को रात का पारा 6.8 डिग्री रहा। दिन का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज हुआ। पिछले एक माह से रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएस तोमर ने बताया कि पश्चिमोत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 232 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवा बह रही है। इसके साथ ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ, मध्य और ऊपरी क्षोभ मंडल में ट्रफ के रूप में 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है। इसी कारण मकर संक्रांति के दूसरे दिन न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। कोहरे की आगोश में शहर।


