विदिशा रोड स्थित चौपड़ाकलां गांव में अवैध कॉलोनी काटने के मामले में जिला प्रशासन ने सरपंच पति और भाजपा नेता शेरू मीना के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। इधर, अवैध कॉलोनियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत शुक्रवार को देर रात बैरसिया क्षेत्र में 6 नई अवैध कॉलोनियों पर एफआईआर दर्ज हुई। प्रशासन की तैयारी कुल 113 अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की है। शुक्रवार को जिस शेरू के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई, वह पहले भी विवादों में रहा है। 2023 में उस पर गांव के कोटवार के साथ मारपीट और उसके मुंह पर पेशाब करने जैसे गंभीर आरोप लगे थे। इस मामले में उसे जेल भी जाना पड़ा था। प्रशासनिक रिकॉर्ड के मुताबिक, शेरू मीना पर अब तक 12 से अधिक एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। प्रशासन ने शुक्रवार से दोबारा बुलडोजर कार्रवाई शुरू करने का दावा किया था, लेकिन पूरे दिनकहीं भी तोड़फोड़ नहीं हुई। इसके पीछे जरूरी बैठकों का हवाला दिया गया। अब प्रशासन का कहना है कि नए सिरे से कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई की जाएगी। इधर, जांच में सामने आया है कि कोलार, गोविंदपुरा, एमपी नगर और बैरागढ़ क्षेत्रों में अब भी कृषि भूमि पर धड़ल्ले से प्लॉटिंग हो रही है। इन इलाकों में खेतों की जमीन पर काटी जा रही अवैध कॉलोनियों के प्लॉट टीएंडसीपी स्वीकृत कॉलोनियों के बराबर दामों पर बेचे जा रहे हैं। चूंकि ये इलाके नगरीय क्षेत्र में आते हैं, इसलिए यहां एफआईआर निगम को करना है। केवल हुजूर और बैरसिया में एक्शन… लेकिन गोविंदपुरा, एमपी नगर और बैरागढ़ क्षेत्र के एसडीएम कार्रवाई को लेकर गंभीर नहीं सभी इलाकों में अवैध कॉलोनियों की भरमार, लेकिन कार्रवाई नहीं
फिलहाल हुजूर और बैरसिया तहसील में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई तेज है, लेकिन कोलार, गोविंदपुरा, एमपी नगर और बैरागढ़ सर्किल के एसडीएम अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई करने के मामले में गंभीर नजर नहीं आ रहे। जबकि, कलेक्टर इस मुद्दे पर पहले ही नाराजगी जता चुके हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि अफसर अब किस आदेश का इंतजार कर रहे हैं। कार्रवाई के निर्देश दिए… कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। हर इलाके का रिव्यू होगा। नगरीय क्षेत्र में निगम को कार्रवाई के आदेश दिए हैं। कॉलोनी काटने में जमीन मालिक के अलावा अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है, तो उन पर भी एफआईआर होगी।


