भास्कर न्यूज| महासमुंद छत्तीसगढ़ के सहायक शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के आह्वान पर आज शनिवार वेतन विसंगति दूर करने, पूर्व सेवा गणना, वीएसके ऐप का विरोध, टीईटी की अनिवार्यता समेत 4 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी जिला स्तरीय आंदोलन करेंगे। महासमुंद जिले में इस आंदोलन को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, जहाँ शिक्षक मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को पूरा करने की मांग करेंगे। जिलाध्यक्ष ईश्वर चंद्राकर ने कहा कि यह लड़ाई हमारे सम्मान और हक की है। सरकार ने संकल्प पत्र में जो वादा किया था, उसे निभाने का वक्त आ गया है। हम शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे। जिले के हजारों शिक्षक कल लोहिया चौक सभागार में एकत्रित होंगे। यहाँ एक दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन के बाद शिक्षक रैली की शक्ल में बरोण्डा चौक होते हुए कलेक्टोरेट पहुंचेंगे। वहां सीएम, शिक्षा मंत्री और प्रमुख सचिव के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। फेडरेशन के मुताबिक, वे अपने हक की बात कर रहे हैं, जो संकल्प पत्र में पहले से शामिल है। संगठन ने जिले के सभी सहायक शिक्षकों और शिक्षक संवर्ग से अपील की है कि वे अपनी मांगों की प्राप्ति के लिए कल बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस लोकतांत्रिक लड़ाई को सफल बनाएं।


