जनकल्याण करने के लिए प्रेस क्लब को मिला गौरव सम्मान

भास्कर न्यूज| कांटाबांजी बलांगीर जिले का कांटाबांजी प्रेस क्लब लंबे समय से सामाजिक सेवा, जन-जागरूकता और जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता आ रहा है। आम जनता की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में मानवीय सहयोग प्रदान कर प्रेस क्लब ने समाज में अपनी एक सकारात्मक पहचान बनाई है। इन निरंतर जनहित कार्यों के लिए कांटाबांजी प्रेस क्लब को पूर्व में जिला व राज्य स्तर पर विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इसी क्रम में एक और गौरवपूर्ण सम्मान क्लब को नुआपड़ा जिले में प्राप्त हुआ है। नुआपड़ा जिले के खरियार रोड स्थित ‘पहल’ संस्था द्वारा आयोजित भव्य कवि सम्मेलन कार्यक्रम के अवसर पर कांटाबांजी प्रेस क्लब को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के सामाजिक योगदान और जनहितकारी गतिविधियों की खुले मंच से सराहना की गई। इस अवसर पर नुआपड़ा जिलाधिकारी मधुसूदन दास व विधायक जय ढोलकिया ने कांटाबांजी प्रेस क्लब के किए जा रहे समाज हितकारी कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्य निरंतर जारी रखने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रेस क्लब के सदस्यों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और समाज के लिए सत्यनिष्ठ व जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर जोर दिया। इस मौके पर खरियार रोड नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सोनिया अग्रवाल, राकेश जैन, नितिन जैन, प्रेस क्लब के अध्यक्ष प्रभजीत सिंह सालूजा, कोषाध्यक्ष हनी सिंह, सलाहकार आशीष खेतान, सहित सदस्य उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *