भास्कर संवाददाता | विदिशा शेरपुरा स्थित समाधान कॉम्पलेक्स में दिलीप बिल्डर के कार्यालय पर शुक्रवार सुबह आयकर ने सर्वे की कार्रवाई की। सुबह करीब 8 बजे चार गाड़ियों से 15 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी यहां पहुंचे थे। टीम दिलीप रघुवंशी के कार्यालय पहुंची। नीचे बंदूकधारी जवान तैनात रहे। वे किसी को अंदर-बाहर नहीं जाने दे रहे थे। वहां एक अधिकारी से जानकारी मांगी तो उन्होंने कुछ भी बोलने से मना कर दिया। बोले मैं कुछ भी बताने के लिए अधिकृत नहीं हूं। अधिकारी भोपाल-इंदौर पासिंग गाड़ियों से आए थे। दस्तावेजों की जांच देर शाम तक चलती रही। गौरतलब है कि दिलीप रघुवंशी जिला पंचायत अध्यक्ष गीता पति कैलाश रघुवंशी के छोटे भाई हैं।


