फैंसी ड्रेस कॉम्पीटिशन में राष्ट्र वीरों की तरह तैयार होकर आए बच्चों ने दमदार प्रस्तुति दी

भास्कर न्यूज | नारायणपुर बैनर्जी पैलेस में नेताजी सुभाष चंद्र बोस और स्वामी विवेकानंद पर आधारित भव्य फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रप्रेम, आत्मविश्वास और आदर्शों से ओतप्रोत नई पीढ़ी को जागृत करने का सशक्त मंच साबित हुआ। प्रतियोगिता में 147 बच्चों ने उत्साह, अनुशासन और ओजपूर्ण अभिव्यक्ति के साथ भाग लिया। नन्हे प्रतिभागियों ने सुभाष चंद्र बोस की वीरता और स्वामी विवेकानंद के ज्ञान-तेज को जिस जीवंतता से मंच पर उतारा, उसे देख उपस्थित दर्शक भावविभोर हो उठे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अशोक मंडावी, कक्षा 5, रामकृष्ण मिशन विवेकानंद विद्यापीठ, द्वितीय स्थान मेघा रावटे, बाल वाटिका/नर्सरी, केंद्रीय विद्यालय, तृतीय स्थान अक्षिता वर्मा, कक्षा 2, केंद्रीय विद्यालय रहे। इन बच्चों ने अपनी अद्भुत प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया और विद्यालयों का नाम रोशन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर वीरेंद्र बहादुर पंचभाई और एसडीएम अभयजीत मंडावी उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा ऐसे आयोजन बच्चों में राष्ट्रबोध, आत्मसम्मान और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। यही संस्कार आगे चलकर सशक्त भारत का निर्माण करते हैं। निर्णायक मंडल में प्राचार्य बृजेश्वरी रावटे, प्राचार्य रत्ना नशीने, उप-प्राचार्य विवेक कुमार गुप्ता, स्वामी अलिप्ती आत्मानंद महाराज और स्वामी वसुदानंदन महाराज शामिल रहे, जिन्होंने निष्पक्ष और प्रेरक मूल्यांकन किया। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन नारायण साहू एवं गरिमा कुमार ने किया, जबकि आयोजन को सफल बनाने में स्वरूप कुमार हरि की विशेष भूमिका रही। यह आयोजन निस्संदेह बच्चों के व्यक्तित्व विकास, सांस्कृतिक संवर्धन और राष्ट्रप्रेम की भावना को नई ऊर्जा प्रदान करने वाला सिद्ध हुआ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *