जांजगीर| इन दिनों सड़कों पर घूमंतू मवेशियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शहर हो या ग्रामीण क्षेत्र, मुख्य मार्ग, चौराहे और हाईवे पर गाय, बैल और अन्य मवेशी खुले घूमते दिखाई दे रहे हैं। इससे राहगीरों, वाहन चालकों और खासकर दोपहिया सवारों को रोजाना मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार अचानक सड़क पर मवेशी आ जाने से वाहन असंतुलित हो जाते हैं और हादसे की स्थिति बन जाती है। तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर से इंसानों के साथ-साथ मवेशियों की जान भी जाती है। रात के समय यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि सड़क पर बैठे या लेटे मवेशी दिखाई नहीं देते, जिससे गंभीर दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके कारण कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है और समय व ईंधन दोनों की बर्बादी होती है। प्रशासन द्वारा समय-समय पर अभियान चलाए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान अभी तक नहीं निकल पाया है। इससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। – विनोद कुमार जांजगीर| वार्ड क्रमांक 09 स्थित तिवारी मोहल्ला में पाइपलाइन में गंभीर लीकेज होने से सड़क पर लगातार पानी बह रहा है। कई दिनों से जमा हो रहे पानी के कारण राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरने से फिसलन और दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि पाइपलाइन से निकलने वाला पानी गड्ढों में जमा होकर कीचड़ बना रहा है, जिससे पैदल चलने वाले लोग, दोपहिया वाहन चालक और स्कूली बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। लगातार बहते पानी से बर्बादी भी हो रही है, जिससे नागरिकों में आक्रोश है। – शिवशंकर तिवारी


