जांजगीर | अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच की पंचदशम राष्ट्रीय कार्यकारिणी की तृतीय बैठक एवं 45वीं राष्ट्रीय सभा सह लघु अधिवेशन ‘एक्यम 2026’ का आयोजन 10 और 11 जनवरी को बेंगलुरु में हुआ। इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से आए पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों और युवा प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जांजगीर-चांपा जिले के उद्योगपति एवं मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर सुल्तानिया की सक्रिय उपस्थिति से जिले को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली। अधिवेशन में संगठन की मजबूती, सदस्यता विस्तार, शाखा विकास, आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रमों, वित्तीय विषयों और सामाजिक सरोकारों पर विस्तृत चर्चा की गई। अमर सुल्तानिया ने कहा कि एक्यम 2026 केवल बैठक नहीं, बल्कि विचार, अनुभव और ऊर्जा का संगम है, जो संगठन को और अधिक सशक्त व पारदर्शी बनाएगा। उन्होंने बताया कि लिए गए निर्णयों का सकारात्मक प्रभाव स्थानीय शाखाओं में भी दिखेगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


