भास्कर न्यूज| महासमुंद जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए अवैध भंडारण, परिवहन के विरुद्ध संयुक्त टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को कार्रवाई के दौरान तीन अलग-अलग मामलों से कुल 14711 बोरी अवैध धान और तीन वाहन जब्त किया गया। पिथौरा विकासखंड के ग्राम मोहदा में टिकेश्वर यादव के आवास, दुकान और गोदाम का निरीक्षण किया गया, जहां करीब 1000 बोरी धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया। जांच में धान के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिस पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए संपूर्ण धान को जब्त किया गया। कृषि उपज मंडी पिथौरा को सुपुर्द किया गया। वहीं महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम भूरकोनी क्षेत्र में अवैध धान परिवहन की सूचना पर की गई कार्रवाई में दो ट्रैक्टरों के माध्यम से धान ले जाते हुए पाए जाने पर 170 बोरी धान को जब्त किया गया। दोनों वाहनों को भी जब्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। बागबाहरा विखं के चेक पोस्ट टेमरी में शुक्रवार को अवैध धान परिवहन करते हुए पाए जाने पर वाहन समेत 250 बोरी धान को मंडी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए थाना कोमाखान के सुपुर्द किया गया। एसडीएम ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कार्रवाई जारी रहेगी। इसी प्रकार बसना के ग्राम परगला में 51 पैकेट धान पकड़े गए। मौके पर टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए धान को जब्त किया गया। संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध मंडी अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया।


