ग्वालियर में जल संसाधन विभाग के रिटायर्ड एसडीओ से ठगी:फर्जी टीआई कॉल कर बोला- तेरा बेटा गैंगरेप में पकड़ा गया, डराकर ऐंठे 50 हजार रुपए

ग्वालियर में जल संसाधन विभाग से सेवानिवृत्त एक अधिकारी के साथ ऑनलाइन फ्रॉड का मामला सामने आया है। ठग ने खुद को थाना प्रभारी बताकर 74 वर्षीय बुजुर्ग को कॉल किया और उनके बेटे के गैंगरेप मामले में गिरफ्तार होने की झूठी कहानी सुनाकर डराया। महाराजपुरा थाना क्षेत्र के भिंड रोड निवासी राजेंद्र प्रसाद शर्मा, जो जल संसाधन विभाग से रिटायर्ड सब डिविजनल ऑफिसर हैं, को दो दिन पहले एक कॉल आया था। पहली बार कॉल मिस हो गई, लेकिन दूसरी बार फोन उठाने पर कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को टीआई बताया। फोन पर आरोपी ने कहा कि उनके बेटे सुनील को पुलिस ने गैंगरेप के मामले में पकड़ा है। यह सुनते ही बुजुर्ग घबरा गए। कॉलर लगातार उन्हें धमकाता रहा और दबाव बनाता रहा। जब बुजुर्ग ने बेटे से बात कराने की मांग की तो दूसरी ओर से रोने और बचाने की आवाजें सुनाई देने लगीं, जिससे उन्हें लगा कि उनके बेटे के साथ मारपीट की जा रही है। डर और घबराहट में आकर बुजुर्ग ने कथित पुलिस अधिकारी द्वारा बताए गए खाते में दो बार में 25-25 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब उन्होंने अपने बेटे को फोन लगाया तो बेटे ने बताया कि वह पूरी तरह सुरक्षित है और उनके साथ ठगी हुई है। घटना के बाद बेटे के घर पहुंचने पर शुक्रवार रात पीड़ित ने महाराजपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घबराहट में ट्रांसफर किए रुपए फोन पर दूसरी ओर से मारपीट और रोने की आवाज सुनते ही 74 वर्षीय रिटायर्ड एसडीओ घबरा गए। कथित पुलिस अधिकारी के दबाव में आकर उन्होंने उसके बताए मोबाइल नंबर से जुड़े ऑनलाइन खाते में दो बार में 25-25 हजार रुपए, कुल 50 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। बेटे से बात की तो खुला ठगी का राज रुपए ट्रांसफर करने के बाद बुजुर्ग ने अपने बेटे सुनील को फोन लगाया। बेटे ने बताया कि वह दोस्तों के साथ सुरक्षित है। न तो उसने कोई अपराध किया है और न ही पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। यह सुनते ही बुजुर्ग को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद बेटे के ग्वालियर पहुंचने पर पीड़ित ने महाराजपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिस खाते में गए रुपए, वह प्रशांत परमार के नाम पुलिस जांच में सामने आया कि जिस बैंक खाते में रुपए ट्रांसफर किए गए, वह प्रशांत परमार के नाम पर दर्ज है। वह ग्राम उम्मेदगढ़ बंसी अनिबहादुर का पुरा, जौरा जिला मुरैना का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का बैंक खाता फिलहाल होल्ड पर है, जिसमें करीब 1 लाख 16 हजार 100 रुपए होल्ड दिख रहे हैं। महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि जल संसाधन विभाग से रिटायर्ड 74 वर्षीय एसडीओ से 50 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी हुई है। ठगों ने उनके बेटे को गैंगरेप के मामले में फंसाने की झूठी कहानी सुनाकर डराया था। मामले की जांच की जा रही है और संबंधित खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *