सतना में 28 लाख की नशीली कफ सिरप जब्त:मड़फई के जंगल में 14 हजार शीशियां मिली; जस्सा नेटवर्क से जुड़े तार

सतना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार शाम नागौद क्षेत्र के परसमनिया जंगल स्थित मड़फई गांव से 28 लाख रुपए की नशीली कफ सिरप जब्त की है। पुलिस ने एक मकान में दबिश देकर 120 पेटी प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की, जिसमें करीब 14 हजार शीशियां थीं। इस मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। जिले में लंबे समय बाद नशे की इतनी बड़ी खेप पकड़ी गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस खेप के तार कुख्यात तस्कर अनूप जायसवाल उर्फ ‘जस्सा’ के नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि तस्करी कर लाई गई कफ सिरप को पिकअप वाहनों के जरिए मड़फई लाकर जंगल किनारे स्थित मकान में स्टोर किया जाता था। महिला के घर को बनाया था गोदाम हिरासत में ली गई महिला की पहचान चौरसिया देवी साकेत के रूप में हुई है। तस्करों ने उसके घर को अस्थायी गोदाम बना रखा था। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर मकान का ताला तुड़वाया, तो भीतर कफ सिरप की पेटियों का बड़ा जखीरा मिला। किराए के बदले रोज मिलते थे पैसे पूछताछ में चौरसिया देवी ने बताया कि भुरहरा गांव के मनीष यादव और शैलेंद्र गुप्ता उर्फ टिंकू उसके घर में ये पेटियां रखवाते थे। माल घर में रहने के दिनों के हिसाब से उसे रोजाना भुगतान किया जाता था। पुलिस ने सूचना के आधार पर मनीष और शैलेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, उनके साथ काम करने वाले तीन अन्य लोग मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें मोबाइल फोन पर अलग-अलग नंबरों से डिलीवरी और मूवमेंट के निर्देश मिलते थे। उचेहरा और नागौद क्षेत्र में पहले से डंप की गई पेटियों को पिकअप वाहनों में लोड कर मड़फई लाया जाता था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *