कोटा ग्रामीण के कैथून थाना क्षेत्र में कोटा–बारां नेशनल हाईवे पर देर रात और सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों के कारण हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर कैथून थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से पलटे ट्रकों को हटाकर यातायात बहाल करवाया। कैथून थाना अधिकारी मनोज सिंह सिकरवार ने बताया कि पहला हादसा देर रात पोलाई कला के पास हुआ। बारां की ओर से कोटा आ रहे चावल से भरे ट्रक का अचानक टायर फट गया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। ट्रक में भरी चावल की बोरियां सड़क पर बिखर गईं, जिससे एक ओर का ट्रैफिक रुक गया। वहीं दूसरा हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ, जब बारां से कोटा की ओर आ रहा सीमेंट से भरा वल्गर कैप्सूल ट्रक एक कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गया। ट्रक डिवाइडर पार कर कोटा से आने वाली लेन में पलट गया, जिससे दूसरी ओर भी यातायात जाम की स्थिति बन गई। दोनों हादसों के बाद हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। पुलिस ने तत्काल क्रेन मंगवाकर दोनों ट्रकों को सड़क से हटवाया और बिखरे सामान को किनारे करवाया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों ओर से यातायात सुचारू कराया गया। गनीमत रही कि इन हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई और न ही किसी को चोट आई।


