कोटा ग्रामीण जिले के चेचट थाना क्षेत्र में 25 मीट्रिक टन अंजीर से जुड़े बड़े धोखाधड़ी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हुआ ट्रक का माल बीच में ही गायब कर दिया गया। पुलिस ने इंदौर और उज्जैन में दबिश दी। कोटा ग्रामीण पुलिस एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि इस मामले में ट्रक चालक और उसके साथियों ने पूर्व नियोजित तरीके से अंजीर का माल गबन कर लिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर गबन किए गए अधिकांश माल को बरामद कर लिया है। घटना 10 जनवरी की है, जब मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हुआ ट्रक RJ14GN8640, जिसमें 2230 बॉक्स अंजीर लदे थे, तय समय पर दिल्ली स्थित गोदाम तक नहीं पहुंचा। यह माल M/S CHHABRA IMPEX DELHI के नाम से भेजा गया था। ट्रांसपोर्ट कंपनी की ओर से पार्थ सेठी ने चेचट थाने में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और ऑनलाइन-ऑफलाइन लेनदेन का विश्लेषण किया। इससे सामने आया कि ट्रक चालक जमाल ने अपने साथियों एजाज और यासर शाह के साथ मिलकर इंदौर में ही अंजीर का माल उतारकर खुर्द-बुर्द कर दिया। पुलिस टीम ने इंदौर और उज्जैन में दबिश देकर आरोपी यासर शाह को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर इंदौर के अलग-अलग स्थानों से कुल 1987 अंजीर पैकेट बरामद किए गए। ग्रामीण एसपी ने बताया कि इनमें से 1164 पैकेट एक गोदाम से और 823 पैकेट एक मकान के बाड़े से जब्त किए गए। फिलहाल ट्रक चालक जमाल और सह आरोपी एजाज फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। चेचट थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।


