भास्कर न्यूज | राजनांदगांव अंबागढ़ चौकी के एकलव्य स्कूल में छात्राओं के आत्महत्या के प्रयास और छात्रों से हुई मारपीट के मामले में जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। एमएमसी जिला प्रशासन ने एकलव्य स्कूल के प्राचार्य और बालक छात्रावास के अधीक्षक को हटा दिया है। वहीं छात्रों से मारपीट करने वाले चार शिक्षकों को नोटिस भी जारी किया गया है। लेकिन यह कार्रवाई भी सिर्फ खानापूर्ति साबित हुई है। क्योंकि आत्महत्या के प्रयास जैसे गंभीर कदम उठाने वाली छात्राओं से अब तक प्रशासन ने बयान नहीं लिया है। दोनों छात्राओं को उनके घर भेज दिया गया है। गंभीर मामले में अब तक ठोस एक्शन की शुरुआत नहीं हो सकी है। जबकि प्राचार्य और छात्रावास अधीक्षक को हटाने की कार्रवाई छात्रों से हुई मारपीट को आधार बनाकर की गई है। छात्राओं के आत्महत्या के प्रयास मामले में अब भी प्रशासन सुस्त बना हुआ है। शुक्रवार को बाल कल्याण समिति की टीम भी एकलव्य स्कूल पहुंची। छात्राओं के इस कदम को पारिवारिक वजह बताकर मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों छात्राओं की काउंसिलिंग और बयान के बाद ही स्कूल परिसर में की समस्याएं सामने आ सकेंगी।


