सरगुजा संभाग में उत्तरी शीतलहर के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बलरामपुर जिले के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया, वहीं अंबिकापुर में भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के रहा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी होने लगी है। सरगुजा संभाग के पाट से लेकर मैदानी इलाकों में शनिवार को भी कड़ाके की ठंड रही। शनिवार को न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में करीब 1 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। शनिवार को बलरामपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया है, जो शुक्रवार को 3 डिग्री था। पाट इलाकों में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री से कम रहा। कुछ इलाकों में पाले भी पड़ेे। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बढ़ने लगा तापमान
उत्तर में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान बढ़ा है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान बढ़कर 4.7 डिग्री दर्ज किया गया है जो शुक्रवार को 3.5 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं अधिकतम तापमान बढ़कर 24.2 डिग्री दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान में 24 घंटे में करीब 2 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। संभाग के सामरी एवं सोनहत में कुछ इलाकों में शनिवार को भी पाले पड़े हैं। पाट क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। कम होगा शीतलहरों का असर
मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग के सरगुजा, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया एवं एमसीबी जिलों में शीतलहरों के कारण अब भी न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे है, हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी होने लगी है। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि उत्तर में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण आगामी दिनों में तापमान में बढ़ोत्तरी हो सकती है। इसके बाद कड़ाके की ठंड से लोगों को कुछ राहत मिलेगी। सरगुजा संभाग में कड़ाके की ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोग ठंड से बचने अलाव का सहारा ले रहे हैं।


