MCB में कांग्रेस ने कलेक्टर के खिलाफ खोला मोर्चा:मनमानी का आरोप लगाया, 19 जनवरी को कलेक्ट्रेट घेराव, सांसद ज्योत्स्ना महंत भी होंगी शामिल

एमसीबी जिले के कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने “कलेक्टर हटाओ–जिला बचाओ” नारे के साथ 19 जनवरी को कलेक्टर कार्यालय के घेराव की घोषणा की है। इस आंदोलन में क्षेत्रीय सांसद ज्योत्स्ना चरणदास महंत भी शामिल होंगी। आंदोलन की तैयारियों को लेकर जिलेभर के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक बैठक आयोजित की गई। इसमें आंदोलन की रणनीति तय की गई और सभी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, पूर्व विधायक गुलाब कमरो और सभी ब्लॉक अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कलेक्टर डी. राहुल वेंकट पर जिले में मनमानी करने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कलेक्टर की ओर से शासकीय कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, कार्यालय में पुलिस बुलाकर दबाव बनाया जा रहा है, दमनात्मक कार्रवाई की जा रही है और नियमों के खिलाफ एकतरफा निलंबन जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। कलेक्टर को नहीं हटाने पर भूख हड़ताल की चेतावनी कमरो ने बताया कि इन मामलों को लेकर देश के प्रधानमंत्री से लेकर राज्य के मुख्य सचिव तक शिकायत की जा चुकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इसके बावजूद कलेक्टर को नहीं हटाया गया, तो 19 जनवरी के घेराव के बाद कांग्रेस भूख हड़ताल शुरू करेगी। जिले में चल रही है हिटलरशाही जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि पूरे जिले में “हिटलरशाही” चल रही है, जिसमें जनप्रतिनिधियों, शासकीय कर्मचारियों और आम जनता की सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अतिक्रमण के नाम पर आदिवासियों के मकान तोड़े जा रहे हैं। जल-जीवन मिशन के तहत नहीं मिल रहा पानी श्रीवास्तव ने आगे कहा कि जिले में कलेक्टर के संरक्षण में जल-जीवन मिशन ठप पड़ा है। उनके अनुसार, करोड़ों रुपए का लाभ ठेकेदारों को देने के बावजूद एक बूंद पानी भी किसी को नहीं मिल रहा है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि जिले के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *