जयपुर के एक एटीएम में दिन-दहाड़े हेलमेट लगाकर एक बदमाश चोरी करने पहुंच गया। पेचकस से बैक रुम खोलते समय आए सिक्योरिटी गार्ड से बदमाश ने जमकर मारपीट की। बचकर भागने के लिए सिक्योरिटी गार्ड की हाथों की अंगुलियां तक चबा डाला। भागते बदमाश को पकड़ लोगों ने पिटाई कर बनीपार्क पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी को डिटेन कर पूछताछ कर रही है। ASI भंवरलाल ने बताया- जमवारामगढ़ के इंद्रगढ़ निवासी अशोक कुमार गुर्जर (36) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह कोर सिक्योरिटी कंपनी में गार्ड के पद पर तैनात है। कलेक्ट्री सर्किल पर मिनी सचिवालय में एसबीआई एटीएम पर वह सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी करता है। सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक उसकी ड्यूटी रहती है। शुक्रवार को एटीएम पर सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी पर तैनात था। सदी होने के कारण सुबह करीब 10:45 बजे एटीएम के बाहर धूप में बैठ गया। हेलमेट लगाकर अंदर घुसा बदमाश
कोर सिक्योरिटी सर्विस के सुपरवाइजर ओमप्रकाश चंदेल ने बताया- पीछे से एटीएम में हेलमेट लगाकर एक व्यक्ति अंदर घुस गया। करीब 5 मिनट तक वापस बाहर नहीं आने पर सिक्योरिटी गार्ड अशोक उसे देखने गया। अंदर जाकर देखने पर वह पेचकस से एटीएम बूथ में बैक रुम खोलने की कोशिश करता मिला। पूछने पर खुद का एटीएम कार्ड गिरना बताया। झूठ बोलने को लेकर कहने पर भागने का प्रयास करने लगा। सिक्योरिटी गार्ड ने रोकने के लिए उसे पकड़ा तो विरोध में लात-घुसों से जमकर मारपीट की। बचकर भागने के लिए सिक्योरिटी गार्ड अशोक के हाथ की दो अंगुलियों को दांतों से चबा डाला। लोगों ने पकड़ पुलिस को सौपा
एटीएम बूथ में सिक्योरिटी गार्ड व बदमाश झगड़े के चलते गुत्थमगुथा होते रहे। अंगुलियां चबाने पर गार्ड अशोक के चिल्लाने पर लोगों का ध्यान पड़ा। एटीएम बूथ से भागने के लिए निकलते ही लोगों ने उसको पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाश को लोगों ने जमकर पीट डाला। बनीपार्क थाना पुलिस भी सूचना पर मौके पर पहुंच गई। लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की ओर से आरोपी को डिटेन कर पूछताछ की जा रही है। एटीएम में चोरी के प्रयास के दौरान करीब 20 लाख रुपए मौजूद होना बताए जा रहे है।


