हनुमानगढ़ की गोगामेड़ी पुलिस ने शुक्रवार शाम को कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 6.43 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई खचवाना से गुंसाइना रोही मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान की गई। आरोपियों की पहचान नेठराना निवासी सोनपाल (32) और राकेश उर्फ धोलू (25) के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोगामेड़ी थाना प्रभारी चंद्रकला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी की थी। इस दौरान संदिग्ध अल्टो कार (HR 24 U 1506) को रोका गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार दोनों व्यक्तियों के कब्जे से 6.43 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर गोगामेड़ी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार को भी जब्त कर लिया है। मामले की आगे की जांच भिरानी थाना प्रभारी हनुमान प्रसाद को सौंपी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हेरोइन कहां से लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चंद्रकला के साथ एएसआई भंवरलाल, कॉन्स्टेबल कुलदीप, मोनू, रोहिताश और राजेंद्र कुमार भी शामिल थे।


