भिंड शहर में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। शनिवार की सुबह शहर घने कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। बीते दिन की तुलना में तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह के समय सर्दी का असर और बढ़ गया।
भिंड शहर में देर रात से घना कोहरा छाया हुआ था। रात के समय सड़कों पर दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को भी सावधानी बरतनी पड़ी। सुबह सूरज के दर्शन नहीं होने से लोग ठंड से ठिठुरते नजर आए। हालांकि सुबह करीब 10 बजे के बाद सूर्य देव के दर्शन हुए, तब जाकर लोगों को कुछ राहत मिली।
पिछले एक सप्ताह से भिंड शहर में मौसम लगभग समान बना हुआ था। सुबह और शाम हल्की से मध्यम सर्दी का एहसास हो रहा था, जबकि दोपहर में तेज धूप निकलने से लोग राहत महसूस कर रहे थे। लेकिन शुक्रवार देर रात अचानक मौसम बदला और कोहरे की चादर शहर पर छा गई। 3 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिन का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के समय 3 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हल्की हवाएं भी चलती रहीं।
मौसम में आए इस बदलाव का असर आमजनजीवन पर भी दिखाई दिया। सुबह टहलने निकलने वाले लोग देर से घरों से बाहर निकले, वहीं बच्चे और बुजुर्ग सर्दी से बचाव करते नजर आए। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में सुबह-शाम ठंड का असर बना रह सकता है, जबकि दोपहर में धूप निकलने से राहत मिलने की संभावना है।


