चोरी के तीन आरोपी गिरफ्तार, एक लाख का सामान बरामद:बैतूल बाजार में सूने घर को बनाया निशाना, लौटे तो ताला टूटा; एक रिमांड पर, दो को भेजा जेल

बैतूल बाजार पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से ₹1,11,000/- का चोरी का माल भी बरामद किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की गई। फरियादी अमित चौहान (33 वर्ष), निवासी आरुल रोड, बैतूल बाजार ने पुलिस को बताया कि 27 अगस्त 2025 को सुबह लगभग 10:30 बजे वह अपने परिवार के साथ पूजा के लिए बाहर गए थे। दोपहर करीब 1:45 बजे जब वे वापस लौटे, तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और नगद राशि चोरी हो गई थी। सूचना मिलने पर सीन ऑफ क्राइम निरीक्षक आबिद अंसारी और डॉग स्क्वॉड ने थाना प्रभारी बैतूल बाजार निरीक्षक अंजना धुर्वे की उपस्थिति में घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। विवेचना के दौरान, पुलिस ने कुछ संदिग्धों से पूछताछ की, जिन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हर्ष उर्फ हर्षवर्धन धुर्वे (22 वर्ष, निवासी चुन्नीढाना गंज), शिव उर्फ लाला बानखेड़े (20 वर्ष, निवासी गुर्गा वार्ड, बैतूल) और कमलेश उर्फ तरुण उर्फ अरुण उर्फ हांडी उदाशी (22 वर्ष, निवासी गौढाना, हाल इटारसी रोड, बैतूल) के रूप में हुई है। बरामद किए गए माल में एक सोने की अंगूठी (लगभग ₹40,000/-), एक जोड़ी चांदी की पायल (₹10,000/-), दो जोड़ी चांदी की बिछिया और एक मोटरसाइकिल (MP 48ZD 8945, कीमत ₹60,000/-) शामिल है। कुल बरामद माल की कीमत ₹1,11,000/- है। न्यायिक कार्यवाही के तहत, आरोपी हर्ष उर्फ हर्षवर्धन को पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि आरोपी शिव उर्फ लाला और कमलेश उर्फ तरुण को जिला जेल भेज दिया गया है। इस मामले में अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *