डीडवाना में श्री आदर्श सरस्वती सेवा समिति द्वारा 18 जनवरी को एक नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में मोतियाबिंद की जांच और नेत्र लेंस प्रत्यारोपण की सुविधा उपलब्ध होगी। समिति के मीडिया प्रभारी लोकेश अग्रवाल ने बताया कि यह शिविर श्री आदर्श सरस्वती सेवा समिति डीडवाना के आर्थिक सहयोग और तत्वावधान में शंकरा आई हॉस्पिटल और जिला अंधता निवारण समिति जयपुर के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। शिविर का आयोजन सवेरे 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक दोजराज गणेश मंदिर रोड स्थित अग्रसेन भवन में होगा। समिति अध्यक्ष नितेश बाजारी और मंत्री बनवारी मोट ने जानकारी दी कि शिविर में सभी मरीजों की जांच आधुनिक मशीनों द्वारा की जाएगी। इसके साथ ही, चयनित रोगियों के मोतियाबिंद का ऑपरेशन आधुनिक तकनीक से बिना टांके के किया जाएगा। शिविर में आने वाले मरीजों को अपने आधार कार्ड की दो फोटोकॉपी साथ लाना अनिवार्य होगा। चयनित रोगियों के लिए चश्मा, भोजन और रहने की नि:शुल्क व्यवस्था भी की जाएगी। शिविर की तैयारियों को लेकर हाल ही में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें समिति कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।


