जांजगीर-चांपा जिले में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और नौ ब्लॉक अध्यक्षों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। चांपा नगर में हुए इस कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, ज्योत्सना महंत, जिले के विधायक, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। डॉ. चरणदास महंत ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष राजेश अग्रवाल को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष का पद कांटों भरा ताज होता है, जिसे संभालना आसान नहीं। महंत ने सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर जनता की आवाज को सड़क से सदन तक पहुंचाने के लिए तैयार रहने की सलाह दी। महंत ने इस अवसर पर राज्य और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस को सड़क से लेकर सदन तक अपना संघर्ष तेज करना होगा। राजनीतिक यात्रा का उल्लेख किया नेता प्रतिपक्ष ने अपनी राजनीतिक यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वे 25 वर्ष की उम्र से विधानसभा चुनाव लड़ते आ रहे हैं और अपनी सफलता का श्रेय संत कबीर की वाणी तथा जनसंपर्क को देते हैं। उन्होंने केवल कांग्रेस ही नहीं, बल्कि अन्य दलों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी संवाद बनाए रखा। जांजगीर-चांपा हमेशा से कांग्रेस का गढ़ रहा उन्होंने कहा कि उनके घर जाकर वोट मांगे, जिसका परिणाम यह रहा कि वे अपनी पत्नी को दूसरी बार सांसद बनवाने में सफल रहे। डॉ. महंत ने दावा किया कि जांजगीर-चांपा हमेशा से कांग्रेस का गढ़ रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले यहां विधानसभा में कांग्रेस, भाजपा और बसपा के बीच सीटों का बंटवारा होता था, जिससे रायपुर और दिल्ली में जिले को लेकर मजाक बनता था। आठों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस के कब्जे का दावा हालांकि, उन्होंने इस बार लोकसभा क्षेत्र की आठ में से सभी सीटों पर कांग्रेस के कब्जे का दावा किया। महंत ने कहा कि इस जनाधार को आगे भी बनाए रखा जाएगा। वहीं, नव नियुक्त जिला अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह परीक्षा का समय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरकर ही वे इस पद की वास्तविक बधाई स्वीकार करेंगे। उन्होंने जिले में गुटबाजी से इनकार करते हुए चेतावनी दी कि जो भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होगा, उसे संगठन से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।


