चंडीगढ़ में खराब मौसम के चलते इंडिगो एयरलाइंस की इंदौर-मुंबई फ्लाइट श्रृंखला प्रभावित हो गई है। शुक्रवार रात मुंबई से इंदौर आने वाली फ्लाइट रद्द होने के कारण शनिवार सुबह इंदौर से मुंबई जाने वाली फ्लाइट भी कैंसिल करनी पड़ी। इससे सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्होंने हंगामा भी कर दिया। इंडिगो की यह फ्लाइट चंडीगढ़ से मुंबई होते हुए रात 10:10 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचती है, लेकिन चंडीगढ़ में मौसम खराब होने से फ्लाइट देरी से चली। इंदौर एयरपोर्ट रात 10:30 बजे बंद हो जाने के कारण एयरलाइंस ने फ्लाइट को रद्द कर दिया, जिससे इंदौर आने वाले यात्री मुंबई में ही फंसे रह गए। यह विमान रात में इंदौर में रुककर सुबह 6:40 बजे मुंबई के लिए उड़ान भरता है। फ्लाइट कैंसिल होने से शनिवार सुबह मुंबई जाने वाले यात्रियों की यात्रा भी प्रभावित हुई। टिकट रिफंड और रि-बुकिंग का विकल्प एयरलाइंस कंपनी ने यात्रियों को टिकट रिफंड और रि-बुकिंग का विकल्प दिया है। साथ ही मुंबई से इंदौर और इंदौर से मुंबई जाने वाले यात्रियों को वैकल्पिक फ्लाइट में भेजने की व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को फ्लाइट कैंसिल होने का मैसेज नहीं मिला कई यात्रियों को फ्लाइट कैंसिल होने का मैसेज नहीं मिला, जिसके कारण वे सुबह एयरपोर्ट पहुंच गए। जानकारी मिलने पर यात्रियों ने नाराजगी जताई और कुछ देर के लिए एयरपोर्ट पर हंगामे जैसी स्थिति बन गई। बाद में एयरलाइंस अधिकारियों ने यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से भेजने का भरोसा देकर स्थिति संभाली।


