लाखेरी पुलिस ने चलाया सघन गश्त अभियान:अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ पर दिया जोर

बूंदी के लाखेरी में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस ने सघन गश्त और जांच अभियान चलाया। थानाधिकारी सुभाषचंद्र शर्मा के नेतृत्व में गुरुवार और शुक्रवार रात को पुलिस टीम ने पूरे थाना क्षेत्र में व्यापक चेकिंग की। अभियान के दौरान, पुलिस ने पापड़ी क्षेत्र में मोग्यों के ढेरों की तलाशी ली। संदिग्ध गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों को आवश्यक समझाइश भी दी गई। इसके अतिरिक्त, बॉटम लेवल बाजार में गश्त कर दुकानदारों से संवाद किया गया। थानाधिकारी ने दुकानदारों को अपने सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से चालू रखने, आने-जाने वाले ग्राहकों पर नजर बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए। पुलिस ने व्यापारियों से सड़क किनारे वाहन खड़े न करने की अपील भी की, ताकि यातायात बाधित न हो। शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने को लेकर भी आमजन को समझाइश दी गई। गश्त के दौरान, मेगा हाईवे और शहर में स्थित होटल-ढाबों की भी जांच की गई। होटल संचालकों को निर्देश दिए गए कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति ठहरता दिखाई दे, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। साथ ही, समय पर होटल व ढाबे बंद रखने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस ने बताया कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह उनकी प्राथमिकता है। इस अभियान से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *