शाजापुर जिले में शनिवार को कांग्रेस ने बस स्टैंड पर उपवास कर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई मौतों के पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर किया गया। इस विरोध प्रदर्शन में जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और शाजापुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पार्टी सदस्य शामिल हुए। प्रदर्शन स्थल पर महात्मा गांधी का बैनर लगाया गया था, जिस पर “उपवास” लिखा था। कार्यकर्ताओं ने “मनरेगा बचाओ, देश बचाओ” और “भागीरथपुरा की जनता को न्याय दो” जैसे नारे लिखे पोस्टर हाथों में लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष नरेश्वर सिंह प्रताप ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि यह उपवास विरोध प्रदर्शन मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शाजापुर जिला मुख्यालय पर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के मामले में पीड़ित परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिला है। नरेश्वर सिंह प्रताप ने आरोप लगाया कि इस गंभीर घटना के लिए जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि इंदौर में भाजपा के जनप्रतिनिधि होने के बावजूद दूषित पानी से लोगों की जान जाना चिंताजनक है। कांग्रेस ने मृतकों की आत्मा की शांति और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर यह उपवास विरोध प्रदर्शन किया।


