गुना में भोजनालय की चिमनी में लगी आग:नीचे गिरी चिमनी से दूसरे सामान भी चपेट में आए; शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग

शहर के एबी रोड पर पुराने एसबीआई के सामने के एक कॉम्प्लेक्स में शनिवार को अचानक लगी आग के कारण भगदड़ मच गई। आग कॉम्प्लेक्स की निचली मंजिल पर संचालित एक भोजनालय में लगी थी, जिस पर तुरंत ही काबू पा लिया। मिली जानकारी के अनुसार पुरानी एसबीआई शाखा के सामने स्थित एक कॉम्प्लेक्स की निचली मंजिल पर राधा की रसोई के नाम से एक भोजनालय है। वहां रोजाना की तरह आज सुबह भोजन तैयार करने का काम चल रहा था। इसी दौरान लगभग 10.45 बजे उक्त कॉम्प्लेक्स की साइड वाले हिस्से में से धुआं उठता हुआ दिखा। इसी बीच उक्त हिस्से में रखे समान में से आग की लपटें भी दिखने लगीं। यह देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई। इस दौरान जब रसोई संचालक ने सबसे पहले तो रसोई में रखे गैस सिलेंडर बाहर निकाल कर उन्हें सुरक्षित रखवाया और फिर देखा तो मालूम पड़ा कि आग रसोई की साइड में निकली चिमनी में लगी थी, जिसके गिर जाने के कारण नीचे रखे सामान में भी आग लगना शुरू हो गया था। यह देख मौके पर एकत्रित लोगों ने तुरंत आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू करने के। साथ ही सूचना फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को भी दे दी थी। हालांकि, जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब तक आग पर काबू पा लिया गया था। इस तरह एक बड़ी दुर्घटना समय रहते मालूम पड़ जाने के कारण टल गई।इस दौरान रसोई संचालक और मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि उक्त स्थान पर ऊपर से आ रही केबल में शॉर्ट सर्किट हुआ था, जिसकी वजह से साइड वाली गली में लगे विद्युत मीटर में भी आग लग गई थी। यही आग रसोई की चिमनी तक पहुंच जाने के कारण यह हादसा हुआ। चिमनी जल जाने और मीटर जल जाने के साथ ही कुछ सामान भी जल गया है। इस घटना में लगभग 50 हजार रुपए का नुकसान माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *