इंदौर में दूषित पानी से मौतें, धार कांग्रेस का प्रदर्शन:विधायक प्रताप ग्रेवाल ने रखा उपवास, कहा-ठोस कदम उठाने में विफल है सरकार

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हो रही मौतों के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल ने कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सरदारपुर के अंबेडकर चौराहा पर एक दिवसीय उपवास रखा। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। उपवास के दौरान विधायक प्रताप ग्रेवाल ने इंदौर नगर निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है और यह सिलसिला जारी है। ग्रेवाल ने बताया कि इंदौर नगर निगम में भाजपा का महापौर है। साथ ही, प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इंदौर के प्रभारी मंत्री हैं। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। विधायक ग्रेवाल ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण आम नागरिकों की जान जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अब तक इस मामले में कोई ठोस कदम उठाने में विफल रही है। उन्होंने बताया कि यह दो घंटे का उपवास मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर रखा गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश सरकार को जगाना है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं इंदौर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में दोबारा न हों। ग्रेवाल ने कहा कि यह उपवास सरकार को जगाने और जनता के जीवन की सुरक्षा के लिए एक प्रार्थना है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी एक स्वर में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *