पुलिस ने दो आरोपियों का अशोकनगर में निकाला जुलूस:उधारी की चाय मांगने पर बुजुर्ग से की थी मारपीट

अशोकनगर पुलिस ने एक बुजुर्ग चाय दुकान संचालक से मारपीट के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को पुलिस ने इन आरोपियों का शहर में जुलूस निकाला, जिसमें वे लंगड़ाते हुए चलते दिखाई दिए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रामकुमार रघुवंशी और कुंज बिहारी ओझा के रूप में हुई है। दरअसल, यह घटना शुक्रवार को सामने आई जब राज बहादुर सिंह यादव नामक बुजुर्ग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले रामकुमार रघुवंशी उनकी दुकान पर आया और सुबह से शाम तक चाय-सिगरेट पीता रहा। जब बुजुर्ग ने पैसे मांगे, तो रामकुमार ने विवाद शुरू कर दिया और उल्टे शराब पीने के लिए 500 रुपए की मांग की। इसके बाद रामकुमार वहां से चला गया, लेकिन रात में वह दीपक अहिरवार और कुंज बिहारी ओझा व एक अन्य के साथ डंडे लेकर लौटा। चारों ने मिलकर बुजुर्ग के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बुजुर्ग लगातार मिन्नतें करते रहे, लेकिन हमलावरों ने उनकी एक न सुनी। वह बचने के लिए दुकानें के अंदर कमरे में पहुंचा तो वहां भी उसे पीटा गया। पुलिस ने इस मामले में रामकुमार रघुवंशी, दीपक अहिरवार और दो अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। मारपीट की इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। दो अज्ञात आरोपियों में से एक की पहचान कुंज बिहारी ओझा के रूप में हुई, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब दीपक अहिरवार और एक अन्य फरार आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *