सीकर में 19 जनवरी से अंडर-14 नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत होगी। इस टूर्नामेंट में देशभर की 30 टीमों के 480 क्रिकेटर खेलने पहुंचेंगे। नेशनल टूर्नामेंट के सभी मैचों के लिए 8 क्रिकेट ग्राउंड सलेक्ट किए गए हैं। शिक्षा विभाग की ओर से होने वाली अंडर 14 स्कूली नेशनल क्रिकेट प्रतियोगिता 19 से 25 जनवरी तक चलेगी। टूर्नामेंट में विवादों से बचने के लिए अनुभवी अंपायर्स का पैनल नियुक्त किया गया है। खिलाड़ियों की व्यवस्था के लिए 14 समितियां बनाई गई हैं। टूर्नामेंट के उद्घाटन कार्यक्रम में दिल्ली के डिप्टी सीएम परवेश वर्मा, जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत और UDH राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा शामिल होंगे। क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजन समिति के अध्यक्ष मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सुरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि खिलाड़ियों के मैच, आवास आदि की व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई है। स्कूली स्तर पर उभर रहे क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए इस टूर्नामेंट का बहुत महत्त्व है। भैरुपुरा स्थित क्रिकेट एकेडमी के अलावा अन्य मैदानों पर भी मैच होंगे। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 25 जनवरी को होगा। चुरु ज्वाइंट डायरेक्टर ऑफिस एडिशनल डीईओ संपत सिंह ने बताया कि शिक्षा विभाग के ट्रेनर्स की ओर से रोजाना प्रैक्टिस करवाई जा रही है। अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों का रविवार से पहुंचना शुरू हो जाएगा। सीडीईओ सुरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि सभी 30 टीमें संडे तक सीकर पहुंच जाएंगी। हर टीम में 16-16 खिलाड़ी रहेंगे। क्रिकेट टूर्नामेंट में व्यवस्थाओं के लिए 150 अधिकारियों को नियुक्त किया गया है, जो कंट्रोल रुम, डिस्सीप्लेन, काॅर्डिनेशन, स्पोर्ट्स ग्राउंड, मैटेरियल, लंच-डिनर, नाइट स्टे, कल्चरल प्रोग्राम, मेडिकल फैसिलिटी और आवागमन की व्यवस्था संभालेंगे। टूर्नामेंट में लगभग सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ी शामिल होंगे।


