सक्ती जिले के चंद्रपुर शासकीय महाविद्यालय में प्रभारी प्रिंसिपल और प्रोफेसरों के बीच मारपीट हुई है। घटना की सीसीटीवी भी सामने आया है। जहां कॉलेज परिसर में किसी बात को लेकर दोनों के बीच जमकर बहस हुई फिर मारपीट हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि विवाद इतना बढ़ा कि बात लात-घूंसे तक पहुंच गई। कॉलेज स्टाफ ने थाने में सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में कॉलेज के बाहर प्रिंसिपल और प्रोफेसर फिर गए, जिन्हें समझाइश दी गई। बताया जा रहा है कॉलेज में लंबे समय से चली आ रही गुटबाजी और आपसी खींचतान के कारण यह विवाद हुआ है। फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गुटबाजी और आपसी खींचतान में मारपीट पुलिस के मुताबिक, यह घटना कॉलेज परिसर में हुई, जिसमें प्रभारी प्राचार्य चरणदास बर्मन और प्रोफेसर ऋषि कुमार चंद्रा व लक्ष्मी प्रसाद शामिल थे। कॉलेज में लंबे समय से चली आ रही गुटबाजी और आपसी खींचतान को इस टकराव की मुख्य वजह बताया जा रहा है। इस घटना ने शिक्षण संस्थान की गरिमा और कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल घटना के बाद प्रभारी प्राचार्य और संबंधित प्रोफेसरों ने चंद्रपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल, कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई और विभागीय जांच की संभावना है।


