राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 (1 से 31 जनवरी 2026) के अंतर्गत इंदौर में यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को गीता भवन चौराहा पर यातायात पुलिस ने विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नियमों का पालन करने वालों को किया सम्मानित कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों का पालन करने वाले जिम्मेदार वाहन चालकों को फूल, पेन की चेन एवं चॉकलेट भेंट कर सम्मानित किया गया। इस पहल से न केवल सम्मानित चालकों में सकारात्मक संदेश गया, बल्कि अन्य वाहन चालकों को भी नियमों के पालन के लिए प्रेरणा मिली। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को दंडात्मक कार्रवाई के बजाय प्रेमपूर्वक समझाइश दी गई और सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। सुरक्षित ड्राइविंग का लिया संकल्प कार्यक्रम में शामिल वाहन चालकों ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने एवं सुरक्षित ड्राइविंग करने का संकल्प लिया। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह और पुलिस उपायुक्त (यातायात/जोन-4) आनंद कलादगी, संजेश महतो सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। ट्रैफिक प्रहरी बने कॉर्पोरेट सदस्य इस दौरान निजी कंपनी नुवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड की टीम ने ट्रैफिक प्रहरी बनकर सड़क सुरक्षा से जुड़े जागरूकता संदेशों की तख्तियां हाथ में लेकर आम नागरिकों को यातायात नियमों की गंभीरता से अवगत कराया। संदेशों के माध्यम से बताया गया कि थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा हो सकती है, जबकि नियमों का पालन जीवन की रक्षा करता है।


