किशनगढ़बास में रोडवेज बस की टक्कर से बीएलओ की मौत:SIR के काम पर जा रहे थे, पत्नी का पहले ही हो चुका निधन, दो बच्चों के सर से उठा साया

किशनगढ़बास थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अलवर की ओर से आ रही राजस्थान रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि चुनावी ड्यूटी पर जा रहे बीएलओ महेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। बस से टक्कर के बाद टायर ऊपर चढ़ा मृतक के भाई अशोक कुमार ने बताया कि महेश कुमार (39) पुत्र हरिप्रसाद खाती अपनी बीएलओ और एसआईआर ड्यूटी के लिए बाइक से मूसाखेड़ा जा रहे थे। सुबह करीब 9:15 बजे जब वे बंबोरा घाटा हनुमान मंदिर के सामने कट के पास पहुंचे, तभी अलवर की ओर से आ रही रोडवेज बस ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महेश कुमार सड़क पर गिर गए और बस चालक की लापरवाही से बस का टायर उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए सीएचसी किशनगढ़बास भिजवाया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के भाई अशोक कुमार की रिपोर्ट पर किशनगढ़बास थाने में रोडवेज बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। चार साल पहले पत्नी की मौत, बच्चे हुए अनाथ महेश कुमार के परिवार में 12 साल की बेटी और 6 साल का बेटा हैं। चार वर्ष पहले उनकी पत्नी का भी निधन हो चुका है। इस हादसे में दोनों बच्चों ने अपने पिता को भी खो दिया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्र के लोगों ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। किशनगढ़बास थाने के सहायक उप निरीक्षक ज्ञानचंद ने बताया कि मृतक के भाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *