डूंगरपुर जिला स्पेशल पुलिस टीम (डीएसटी) ने पचलासा बड़ा क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। डीएसटी ने रात के अंधेरे में पहाड़ियों से क्वार्ट्ज पत्थरों का अवैध खनन करते हुए एक हिटाची मशीन और एक डंपर जब्त किया है। इस दौरान दोनों वाहनों के ड्राइवरों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि ‘ऑपरेशन पृथ्वी’ के तहत जिले में अवैध खनन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। डीएसटी को पचलासा बड़ा के जंगल में रात के समय पहाड़ियों से अवैध खनन की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही डीएसटी की टीम मौके पर पहुंची। रात के अंधेरे में जंगल से मशीन चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके आधार पर टीम उस स्थान पर पहुंची। वहां एक हिटाची मशीन से पहाड़ियों के बीच पत्थरों का अवैध खनन किया जा रहा था, जबकि एक डंपर में इन पत्थरों को भरकर ले जाया जा रहा था। पुलिस को देखते ही दोनों ड्राइवर भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए हिटाची ड्राइवर की पहचान प्रभु पुत्र रामाजी मीणा निवासी जावर माइंस, सलूंबर के रूप में हुई है। वहीं, डंपर ड्राइवर दिलीप पुत्र हेमाजी मीणा निवासी गामड़ी जयसमंद, सलूंबर को भी गिरफ्तार किया गया। मौके पर खनन से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं मिले। डीएसटी ने जब्त की गई हिटाची मशीन और डंपर को साबला थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। एसपी ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों और कारोबार के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह के अपराध या अवैध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान और जानकारी गोपनीय रखी जाएगी।


