एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ से बालम पहाड़ी घूमने गए युवकों में से एक की सड़क हादसे में मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका सोनहत अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह घटना कोरिया जिले के बालम पहाड़ी से वापस लौटते समय शाम करीब पांच बजे हुई। उनकी बाइक एक माइलस्टोन से टकरा गई, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान युवराज केवट (25), निवासी वार्ड नंबर 16 के रूप में हुई है। घायल अभिषेक केवट (26) को सोनहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे वाहन सीधे माइलस्टोन से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही सोनहत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


