आगर मालवा में पुलिस ने कानड़ रोड पर 62 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। शनिवार को हुई इस कार्रवाई में दो सगे भाइयों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 37 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने कानड़ रोड़ पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा आगर कोतवाली पुलिस को गांजा तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने कानड़ रोड पर घेराबंदी की और एक संदिग्ध कार को रोका। वाहन रोकने के दौरान हुई घेराबंदी में कार का कांच क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई। 37 लाख का 62 किलो गांजा बरामद तलाशी के दौरान कार से 62 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। गांजे के साथ ही, तस्करी में इस्तेमाल किया गया चार पहिया वाहन (अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये) और तीन मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत 40 हजार रुपये) भी जब्त किए गए। चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ईश्वर और दिलीप (पिता रमेश दास, निवासी मारुबर्डिया), विक्रम (पिता इंदर सिंह, निवासी मारुबर्डिया) और तूफान (पिता विक्रम, निवासी खजुरी चौपड़ा) के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क और इसकी सप्लाई चेन की गहन जांच कर रही है।


