सीकर में UDH राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि S.I.R. का फाइनल ड्राफ्ट प्रकाशन होने से पहले सभी गलतियां सुधार ली जाएंगी। कांग्रेस वालों के पास कोई काम नहीं है, इसलिए बेवजह हंगामा कर रहे हैं। S.I.R. को लेकर भ्रम की कोई स्थिति नहीं है। किसी जीवित व्यक्ति को मृत बताकर आपत्ति आई है तो खारिज हो जाएगी। इसमें तकलीफ की कोई बात नहीं है, क्योंकि भारत निर्वाचन आयोग ने ASD(Absent, Shift, Death) कैटेगरी के नाम हटाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। निकाय चुनाव को लेकर UDH राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि सरकार तैयार है, ओबीसी आयोग की रिपोर्ट मिलते ही चुनाव होने की संभावना है, क्योंकि ओबीसी आयोग की रिपोर्ट के आधार पर सीटों का आरक्षण तय होगा। अभी सरकार बजट से पहले समाज के हर वर्ग के सुझाव ले रही है। सीएम भजनलाल शर्मा ने सीकर जिले के सभी भाजपा विधायकों और विधानसभा प्रत्याशियों से संवाद करके सुझाव-प्रस्ताव लिए हैं। आज सीकर शहर में जयपुर रोड स्थित अरबन हाट में 9 दिवसीय शेखावाटी हस्तशिल्प उत्सव का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि UDH राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि आमजन में देशी प्रोडक्ट के लिए लगाव तेजी से बढ़ रहा है। इससे देशी कलाकारों और हस्तशिल्पियों के लिए आमदनी के अवसर बढ़ रहे हैं। राज्यमंत्री खर्रा के साथ जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा, पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद, पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी ने फीता काटकर शेखावाटी हस्तशिल्प उत्सव और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उत्सव के पहले दिन भजन संध्या में प्रख्यात भजन गायक गुलाबनाथ महाराज ने भजन प्रस्तुत किए।


