सूरजपुर जिले के ग्राम चुनगुड़ी में आयोजित करमा प्रतियोगिता एवं महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। मांदर की थाप और घुंघरुओं की झंकार के बीच पूरा क्षेत्र कर्मा नृत्य की लय में थिरक उठा। मुख्यमंत्री ने कहा कि करमा पर्व प्रकृति, एकता और सामूहिक आनंद का संदेश देता है। छत्तीसगढ़ की संस्कृति की यह पहचान है। मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया। चुनगुड़ी में आयोजित करमा नृत्य प्रतियोगिता व महोत्सव में मुख्यमंत्री बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। प्रतियोगिता में 33 करमा दलों के सैकड़़ों लोक कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में सामूहिक करमा नृत्य की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम लोक परंपराओं को जीवित रखने का सशक्त माध्यम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि करमा महोत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। ऐसे आयोजन लोक पर्वों को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर चुनगुड़ी (खोखापारा) स्थित स्कूल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने तथा नगर पंचायत भटगांव के विकास हेतु 1 करोड़ रुपये की घोषणा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आज जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी गई है, जिससे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति मिलेगी। लक्ष्मी राजवाड़े ने सभी करमा दलों द्वारा दी गई पारंपरिक एवं मनमोहक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोक संस्कृति और जनजातीय परंपराओं को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सांसद चिंतामणि महाराज ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। 172 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले में 172.51 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें 55 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण तथा 117.97 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। कार्यक्रम स्थल पर विभागीय योजनाओं के स्टॉल लगाए गए। मुख्यमंत्री ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया और हितग्राहियों को लाभान्वित किया। 31 मार्च तक समाप्त होगा नक्सलवाद
पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोहराया कि 31 मार्च तक प्रदेश से नक्सलवाद समाप्त हो जाएगा। साय ने कहा कि आज ही एक बड़े नक्सली नेता को मारा गया है। बस्तर का क्षेत्रफल केरल से भी ज्यादा है जो विकास से अछूता था, अब बस्तर का तेजी से विकास हो सकेगा। प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय गृहमंत्री का संकल्प पूरा होगा। ये रहे शामिल
कार्यक्रम में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, वन विकास निगम अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, जिपं अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष बाबू लाल अग्रवाल, पूर्व पापुनि अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल, ठाकुर राजवाड़े, शशिकांत गर्ग, संदीप अग्रवाल, मुकेश गर्ग, संत सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण, सरगुजा आईजी दीपक झा, कलेक्टर एस.जयवर्धन, एसपी प्रशांत ठाकुर सहित अधिकारी एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


