युवक का शव मिलने पर थाने के बाहर रखा:रतलाम में घर से हुआ था गायब, हत्या की आशंका; करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह पहुंचे

रतलाम जिले के पिपलौदा तहसील स्थित अयाना गांव से लापता 35 वर्षीय युवक का शव शनिवार दोपहर अयाना–नवलक्खा मार्ग के बीच जंगल में मिला। सूचना पर पिपलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए पिपलौदा स्वास्थ्य केंद्र भेजा। मृतक की पहचान जसवंत सिंह पिता मोहन सिंह, निवासी अयाना के रूप में हुई है। वह शुक्रवार सुबह घर से निकले थे, जिसके बाद से लापता थे। शनिवार को जंगल में शव मिलने की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पीएम के बाद थाने पहुंचे परिजन, हत्या की जांच की मांग
पोस्टमार्टम के बाद शाम को परिजन शव लेकर पिपलौदा थाने पहुंचे और थाने के बाहर रखकर हत्या के एंगल से जांच की मांग करने लगे। सूचना पर जावरा सीएसपी युवराज सिंह मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी रमेश कोली और सीएसपी ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इस दौरान करणी सेना परिवार के अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर भी परिजनों के साथ थाने पहुंचे और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की मांग की। आखिरी बार दो लोगों के साथ देखा गया
परिजनों ने पुलिस को बताया कि जसवंत को आखिरी बार दो अलग-अलग लोगों के साथ बाइक पर देखा गया था। परिजनों की मांग है कि उन दोनों से पूछताछ की जाए। पुलिस को घटनास्थल के पास शराब का एक क्वार्टर और सल्फास मिलने की जानकारी भी दी गई है। मृतक के हाथ की कोहनी पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शव लेकर गांव लौटे। मृतक का अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा। मृतक जसवंत सिंह शादीशुदा थे। उनके दो बच्चे हैं—एक 7 वर्षीय बेटा और 3 वर्षीय बेटी। वह होल मशीन ड्रिलिंग का कार्य करते थे। थाना प्रभारी रमेश कोली ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जाएगी। जिन लोगों के साथ मृतक को देखे जाने की बात सामने आई है, उनसे भी पूछताछ की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *