बसों से डीजल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा:शमशाबाद पुलिस ने 72 घंटे में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया

शमशाबाद पुलिस ने बसों से डीजल चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 72 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का 810 लीटर डीजल और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 6.25 लाख रुपये बताई जा रही है। यह मामला 14 जनवरी का है, जब शमशाबाद बस स्टैंड पर खड़ी शक्ति ट्रांसपोर्ट की पांच बसों के डीजल टैंकों के ताले तोड़कर अज्ञात चोरों ने 810 लीटर डीजल चोरी कर लिया था। बस कर्मचारियों की शिकायत के बाद शमशाबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के 180 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान, डीजल चोरी में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो वाहन (एमपी 09 एमपी 0071) की पहचान हुई, जिसके बाद दो आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात के समय सुनसान इलाकों में खड़े वाहनों के डीजल टैंकों के ताले तोड़कर डीजल चोरी करते थे और उसे कम दामों में बेच देते थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अफताफ उर्फ फईम खां (27), निवासी बेरखेड़ी चौराहा, थाना सलामतपुर, जिला रायसेन, और इंदर सिंह उर्फ नोनीत (42), निवासी खरगावली, थाना कोतवाली, जिला रायसेन के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से स्कॉर्पियो वाहन (कीमत करीब 5.50 लाख रुपये) और चोरी किया गया 810 लीटर डीजल (कीमत करीब 75 हजार रुपये) जब्त किया है। कुल जब्त मशरूका की कीमत 6 लाख 25 हजार 273 रुपये है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *