सिटी रिपोर्टर | बोकारो भाजपा जिलाध्यक्ष जयदेव राय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल बोकारो डीसी से मिला और विभिन्न मुद्दों पर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सीएचसी चंदनकियारी में झारखंड सरकार की ओर से आयोजित स्वास्थ्य मेला के उद्घाटन कार्यक्रम में झामुमो नेता द्वारा कार्यक्रम का संचालन करने के लिए सीएचसी प्रभारी को अविलंब निलंबित करने, बोकारो के सभी विभागों के जिला अभियंता द्वारा टेंडर मैनेज के खेल की जांच करने, जिला सांख्यिकी कार्यालय में जन्म-मृत्य प्रमाण पत्र बनाने में हो रही देरी की जांच करने, गावों में चोरी की घटना रोकने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने, पंचायत भवन कार्यालय को अच्छे से संचालित करने और प्रवासी मजदूरों का रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने, चंदनकियारी में सरकारी कार्यालय समय से संचालित करने, सड़क दुर्घटना वाले चिह्नित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर व रेडियम स्टिकर लगाने सहित अन्य मांग की गई। जिला अध्यक्ष ने सभी मामलों पर निष्पक्ष जांच करके उचित कार्रवाई की बात कही है। अगर जिला प्रशासन उचित कार्रवाई नहीं करती है तो भाजपा आगे लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व जिलाध्यक्ष भरत यादव, जिला उपाध्यक्ष विनोद गोराई, चंदनकियारी अध्यक्ष कुलदीप माहथा आदि थे।


